बिलाईगढ़।भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदू लहरे ने विधानसभा बिलाईगढ़ क्षेत्र का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरसींवा, भटगांव, बिलाईगढ़ एवं पवनी सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
दौरे के क्रम में श्रीमती लहरे आशा निकेतन पहुंचीं, जहां उन्होंने बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की तथा ठंड से बचाव हेतु उन्हें शाल वितरित किए। बुजुर्गों के प्रति संवेदना और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर संगठनात्मक चर्चा की। बैठक में महिला मोर्चा की भूमिका, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं को पार्टी की रीति-नीति से जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
श्रीमती लहरे ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिला शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, और संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

