आईपीएल की 28 मार्च से शुरुआत होनी है। इससे पहले धोनी के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इरफान पठान ने सीएसके के पूर्व कप्तान को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि धोनी आखिरी बार सीएसके की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल में भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि आईपीएल के आगामी सत्र में प्रशंसकों को शायद आखिरी बार धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में खेलते देखने का मौका मिले।
आखिरी बार आईपीएल में दिखेंगे धोनी?
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले धोनी के संन्यास को लेकर अटकलें फिर से बढ़ गई हैं। खासकर तब, जब सीएसके ने संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल किया। कई लोगों का मानना है कि इस कदम से धोनी मैदान पर कम भूमिका निभाते हुए टीम के मेंटर के रूप में ज्यादा योगदान दे सकते हैं।
इरफान पठान ने क्या कहा?
जियोहॉटस्टार के शो ‘गेम प्लान’ में इरफान पठान ने कहा, ‘सीएसके बिना धोनी के अधूरी है। यह सीजन शायद आखिरी बार हो सकता है जब हम उन्हें पीली जर्सी में खेलते देखें। सीएसके और आईपीएल को उनके बिना सोच पाना मुश्किल है।’ उन्होंने यह भी कहा कि हर साल आईपीएल आते ही धोनी पूरी तैयारी के साथ नजर आते हैं और इस बार भी वह काफी फिट दिख रहे हैं।
टीम में मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं धोनी
44 वर्षीय धोनी इस महीने की शुरुआत में ही चेन्नई में टीम कैंप से जुड़ चुके हैं और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। पठान के मुताबिक इस सीजन में धोनी की भूमिका युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की हो सकती है। उन्होंने कहा कि टीम में नेतृत्व समूह तैयार किया जा रहा है, जिसमें संजू सैमसन के साथ-साथ अन्य खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
युवाओं को जिम्मेदारी लेने का समय
पठान का मानना है कि अब टीम में युवा खिलाड़ियों को आगे आकर जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को भविष्य की कमान संभालने के लिए तैयार किया जा रहा है।
धोनी का आईपीएल रिकॉर्ड
धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मैच खेले हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेलते हुए 5439 रन बनाए हैं। पिछले सीजन में वह अधिकतर डेथ ओवरों में छोटे लेकिन प्रभावी कैमियो करते नजर आए थे और 13 पारियों में 196 रन बनाए थे। हालांकि, सीएसके के सीईओ के. विश्वनाथन ने कहा है कि धोनी आईपीएल 2026 के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे और सभी मैच खेलने की उम्मीद है।

