सारंगढ़ । ग्राम कौवाताल के वरिष्ठ नागरिक एवं रायगढ़ लोकसभा आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष श्री जुगल कुमार तिवारी एयरटेल कंपनी की लापरवाही और विद्युत विभाग की उपेक्षा के कारण एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। दोपहर लगभग 2 बजे श्री तिवारी अपने निजी कार्य से सारंगढ़ आए हुए थे। कार्य समाप्त कर वे अपने गांव कौवाताल वापस जा रहे थे। रास्ते में ग्राम कौवाताल के आंगनबाड़ी भवन के सामने लगे एयर टेल टावर के पास अचानक एक गंभीर घटना घटित हो गई। बताया जाता है कि- उक्त टावर का विद्युत कनेक्शन विद्युत मंडल द्वारा सामान्य ट्यूबवेल पाइप के माध्यम से रोड क्रॉस कराकर दिया गया है, जबकि नियमानुसार सड़क पार कर इस प्रकार का विद्युत कनेक्शन देना प्रतिबंधित है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रभाव के कारण एयरटेल कंपनी को यह कनेक्शन मिल गया, परंतु इसके बाद उसकी उचित देखरेख नहीं की गई ।
देखरेख के अभाव में विद्युत लाइन का खंभा टूटकर गिर गया, जिसमें श्री तिवारी की बुलेट मोटरसाइकिल फंस गई । वे कुछ दूरी तक विद्युत प्रवाहित तार में फंसकर 10 मीटर तक घसीटते चले गए और फिर दूर जाकर गिर पड़े । इस दुर्घटना में उनके आंख के पास, सिर, हाथ व कमर में चोटें आई हैं घायल अवस्था में उन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ले जाया गया । जिसकी रिपोर्ट कोतवाली सारंगढ़ में दर्ज करा दी गई है । घटना की जानकारी मिलते ही जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, जिपं उपाध्यक्ष अजय नायक सहित ज़िला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विजयकुमार तिवारी दीपक तिवारी देवेन्द्र नाथ नन्दे, देव कहार अधिवक्ता गण अस्पताल पहुंचकर श्री तिवारी का हालचाल जानने पहुंचे।

