भारत की महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड टी20 विश्व कप जीत लिया है। इस शानदार उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को टीम से मुलाकात की और खिलाड़ियों को उनकी जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से एक-एक कर बात की, उनकी यात्रा और विश्व कप से जुड़े अनुभव सुने। मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को टीम का हस्ताक्षरित बल्ला भेंट किया, जबकि प्रधानमंत्री ने गेंद पर अपना हस्ताक्षर किया। इसके बाद पीएम ने खिलाड़ियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम ने कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से हराकर यह खिताब जीता। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग का फैसला किया था। नेपाल ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए। जवाब में भारत ने सिर्फ 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और बड़ी जीत दर्ज की। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा।
इस महीने भारतीय महिला क्रिकेट के लिए यह दूसरी बड़ी उपलब्धि है। 2 नवंबर को भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार महिला वनडे विश्व कप जीता था। ठीक 21 दिन बाद दृष्टिबाधित महिला टीम ने भी विश्व कप जीतकर भारतीय क्रिकेट की बढ़ती ताकत को साबित किया है। दृष्टिबाधित टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था, जबकि नेपाल ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
भारत ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मैच जीते। लीग चरण में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से, ऑस्ट्रेलिया को 209 रन से, नेपाल को 85 रन से, अमेरिका को 10 विकेट से और पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से और फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट 21 नवंबर से भारत में शुरू हुआ था और इसमें भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने हिस्सा लिया था।

