Thursday, March 5, 2026
Homeटॉप स्टोरीजबिहार में अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और...

बिहार में अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य : सीएम नीतीश कुमार…

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गुरुवार को राज्य में सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों (2025-30) में सरकार 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य पर काम करेगी। उन्होंने बताया कि शुरुआत से ही युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत वर्ष 2020 से 2025 के बीच राज्य में 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि नई सरकार के गठन के बाद सभी विभागों में रिक्तियों को जल्द भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए राज्य के सभी प्रशासी विभागों, प्रमंडलीय आयुक्तों, पुलिस मुख्यालय के सभी कार्यालयों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 31 दिसंबर 2025 तक सभी रिक्त पदों से संबंधित जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग को उपलब्ध करा दें। सामान्य प्रशासन विभाग इन अधियाचनाओं की जांच कर उन्हें तुरंत संबंधित नियुक्ति आयोगों को भेजेगा ताकि नियुक्ति प्रक्रिया में देरी न हो।

नीतीश कुमार ने आगे बताया कि सभी नियुक्ति आयोगों और चयन एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे जनवरी 2026 में पूरे वर्ष का भर्ती कैलेंडर जारी करें, जिसमें विज्ञापन की तिथि, परीक्षा आयोजित करने की संभावित अवधि और अंतिम परिणाम जारी करने की तिथि का स्पष्ट उल्लेख हो। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया में विज्ञापन जारी होने से अंतिम परीक्षाफल घोषित होने तक अधिकतम एक वर्ष का समय ही लगना चाहिए, इससे अधिक नहीं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएंगी। अनुचित साधन के प्रयोग को रोकने के लिए सभी नियुक्ति आयोगों और चयन एजेंसियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों को चिन्हित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दंडित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि परीक्षाएं समय पर और सुचारू रूप से आयोजित हो सकें।

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। अधिक से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार देने, सभी परीक्षाओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से कराने, तथा युवाओं को दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो और उन्हें पर्याप्त रोजगार मिले, इसी दिशा में सरकार कृतसंकल्पित है।

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

Latest