कोमाखान। एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से शिखर युवा मंच महासमुंद द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के तहत ग्राम कसेकेरा में विशेष निःशुल्क चर्मरोग निवारण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम सरपंच श्री राकेश साहू ने सरस्वती पूजन एवं रिबन काटकर किया।
संस्था प्रमुख श्री भूपेश वैष्णव ने बताया कि अगस्त माह से बागबहरा विकासखंड के 20 गाँवों में यह मोबाइल यूनिट सक्रिय है, जिसके माध्यम से जंगल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों को निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। सात महीने तक चले नियमित शिविरों में 750 चर्मरोग प्रभावित मरीजों की पहचान के बाद यह विशेष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कसेकेरा, बिरोड़ा, चकचकी, कुलिया, धौराभाठा, भोथा, गुलझर, टेंगराही, हाथीबाहरा, बिछलादादर, मातरबाहरा सहित 15 से अधिक गाँवों के 285 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 152 मरीजों का लैब टेस्ट किया गया। उपचार में चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र चंद्राकर, डॉ. राजेश्वर घृतलहरे, सीएचओ कृति साहू, आरएचओ रत्ना बरसागड़े एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेवाएँ दीं। शिविर में निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं।
एसबीआई संजीवनी के जिला समन्वयक संदीप राव मोहिते ने बताया कि कसेकेरा बाजार में आसपास के 15 गाँवों के लोग नियमित रूप से आते हैं, इसी वजह से शिविर आयोजित किया गया ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएँ सरलता से उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम की सफलता में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला “माँ रूपई” इको क्लब कसेकेरा के प्रधान पाठक डा. विजय शर्मा, प्राचार्य पवन चक्रधारी, इको प्रभारी जितेंद्र साहू, विज्ञान शिक्षक लक्ष्मी साहू, पंचायत पदाधिकारी और मितानिन अनुसूईया साहू का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा एसबीआई संजीवनी टीम के फार्मासिस्ट ओमप्रकाश चंद्रा, लैब टेक्नीशियन साक्षी बैरागी, स्टाफ नर्स शालिनी यादव एवं पायलट दिलहरण केवट ने भी अहम भूमिका निभाई।

